लोगों की राय

नई पुस्तकें >> पलायन

पलायन

वैभव कुमार सक्सेना

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2020
पृष्ठ :60
मुखपृष्ठ : ई-पुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 15417
आईएसबीएन :9781613016800

Like this Hindi book 0

गुजरात में कार्यरत एक बिहारी मजदूर की कहानी

पलायन (एक बिहारी की कथा)

1

अमरकांत बिहार का रहने वाला है जो पिछले 3 वर्ष से गुजरात के अहमदाबाद शहर में अफ़सर वर्ग की अच्छी नौकरी कर रहा था। अमरकांत के पिता सरकारी मास्टर हैं स्वाभाविक रूप से अमरकांत की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की जरूरत का अभाव नहीं था। अमरकांत का मानना था कि प्राइवेट नौकरी सबसे बेहतर होती है जिसमें व्यक्ति अपनी कार्यकुशलता के अनुसार आगे बढ़ता है। अमरकांत के पिताजी बिहार में सरकारी नौकरी करने की सलाह दे रहे थे मगर अमरकांत ने अपनी जिद पर प्राइवेट सेक्टर ही चुना।

बिहारी या तो श्रमिक होते हैं या फिर अफ़सर। अमरकांत के स्वभाव में दोनों ही थे। अमरकांत ने अपने घर की गरीब हालत अपनी आँखों से देखी थी इसलिए अमरकांत को श्रमिक अफसर भी कह सकते हैं।

अमरकांत के डिपार्टमेंट में कुल नौ लोग हैं, जिनमें आठ गुजराती हैं। एक अमरकांत अकेला बिहारी। लेकिन अमरकांत के चंचल व निर्मल स्वभाव के कारण सभी लोग अमरकांत को बहुत पसंद करते हैं। साहब का क्या, साहब को तो बस अच्छा काम चाहिए जो कि अमरकांत बखूबी कर लिया करता था। अमरकांत के साहब राजकोट से हैं और वह अक्सर राजकोट की तारीफ किया करते थे जैसे मानो कि उन्हें अहमदाबाद में रहना बिल्कुल पसंद नहीं।

अमरकांत ऑफिस में था तभी अमरकांत के पास अमित का फोन आया। अमित अमरकांत के मकान मालिक का इकलौता बेटा है। अमरकांत ने फोन उठाकर बोला – "हैलो ! हाँ अमित बोलो।"

अमित ने कहा –"भैया पूरी कोलोनी खाली हो रही है। सभी गैरगुजरातियों से घर खाली कराए जा रहे हैं।"

अमरकांत ने कहा- "क्यों?”

अमित ने सटीक उत्तर दिया – "साबरकांठा में हुए रेप की वजह से। ठाकोर समाज के लोग एकजुट हो गए और सभी जगह आंदोलन कर रहे हैं।"

अमरकांत ने पूछा- "क्या मेरा घर भी खाली कर दिया गया?”

अमित ने कहा – "नहीं नहीं ! माँ ने बचा लिया पिताजी ने तुम्हारे कमरे का ताला तोड़ दिया था और सामान बाहर रखने ही वाले थे कि माँ ने उन्हें रोक लिया। पिताजी भी आंदोलन में एकजुट हो गए हैं।"

अमरकांत ने आखिरी शब्द में कहा – "ठीक है ! मैं ऑफिस के बाद घर आता हूँ।"

वह सहमा उठा। उसने पहले पुलिस थाने जाना ठीक समझा। वह इससे पहले कभी पुलिस थाने नहीं गया था और जाना भी नहीं चाहता था। ऑफिस खत्म होते ही उसने पुलिस स्टेशन की ओर रुख किया। थोड़ी ही दूर पहुँचा था की उसको दोबारा अमित का फोन आया। अमित ने बोला कि वह उसको अपने मोटरसाइकिल से लेने आ रहा है, वह कहाँ है?

अमरकांत आखिर किन शब्दों में कहता कि वह पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा है। अमरकांत ने अमित से ऑफिस आने का आग्रह किया। अमरकांत रास्ते का रुख बदलते हुए वापस ऑफिस पहुँचा। थोड़े ही समय में अमित अमरकांत को लेने पहुँचा और दोनों ने मोटरसाइकिल से घर की ओर रवानगी की। अमित ने रास्ते चलते अहमदाबाद की संपूर्ण स्थिति अमरकांत को सुनाई साथ ही बताया कि पिताजी का भी उतरभारतीयों पर गुस्सा ज्यादा बढ़ गया है।

अमरकांत के घर पहुँचते ही अमित के पिताजी ने हिसाब के कागज अमरकांत के सामने लाकर रख दिए और पांच दिन के अंदर घर खाली करने की नसीहत दी। अमरकांत ने कागज हाथ में ले लिए।

अमित की माँ ने अमरकांत के हाथों से कागजों को वापस लेते हुए कहा, "कोई जरूरत नहीं है घर खाली करने की अचानक वह कहां जाएगा।"

"इसलिए तो पांच दिन की मोहलत दे रहा हूँ वरना तुरंत ही खाली करा लेता।" अमित के पिताजी ने तेज आवाज करते हुए बोला।

अमित की माँ के स्वर भी तीव्र हो गए मानो वह अमरकांत की माँ हो- "नहीं पांच दिन में भी नहीं करेगा खाली। साबरकांठा में रेप हुआ उसमें इसका क्या कसूर। मैं पिछले तीन साल से अमरकांत को जानती हूँ अमरकांत ऐसे स्वभाव का कतई नहीं। उसमें इसका कोई दोष नहीं है वह घर खाली नहीं करेगा।"

अमित के पिता जी बोले- "अरे ! तुम इनको सपोर्ट कर रही हो इन्हीं लोगों के कारण तो गुजरात में बेरोजगारी बढ़ रही है। गुजरातियों को जहां नौकरी मिल नहीं रही, वहीं गैरगुजरातियों को नौकरी दिए जा रही हैं कंपनियाँ। आज तुम्हारा अमित बेरोजगार बैठा है, इन्हीं लोगों की वजह से।"

अमित की माँ ने झल्लाते हुए कहा– "बेरोजगारी गुजरात में नहीं पूरे भारत में ही है और अमित के भाग्य में नौकरी होगी तो मिल ही जाएगी। जिसके भाग्य में होती है नौकरी उसे ही मिलती है।"

अमित की पढ़ाई हाल ही जुलाई में खत्म हो चुकी थी। बेरोजगारी अधिक होने के कारण अमित के कॉलेज में कोई कंपनी नहीं आई थी। अमित अमरकांत की मदद से ऑनलाइन नौकरी तलाशने में लगा रहता था। अमित एवं अमरकांत की पढ़ाई भी एक ही थी इसलिए दोनों में खूब जमती थी। जो भी पढ़ाई के विषय में अमित को समझ नहीं आता वह अमरकांत से पूछ लिया करता था इसी तरह दोनों में दोस्ती भी खूब थी।

आखिरकार अमित की माँ ने अमरकांत की जान बचा ही ली। अमरकांत को सांस में सांस आ गई, अमरकांत सोचने लगा- 'अमित गुजराती बोलता है इसलिए उसकी माँ गुजराती है मैं बिहारी बोलता हूँ इसलिए मेरी माँ बिहारी है लेकिन जब भी हम हिंदी बोलते हैं तब हमारी माँ भारत माँ हो जाती है। क्यों ना यह पूरा देश हिंदी बोलता गुजराती, बिहारी, मराठी में कोई फर्क ही नहीं होता। पर हो भी तो हो, आखिर माँ तो माँ होती है चाहे वह बिहारी अमरकांत की हो या गुजराती अमित की। माँ प्रेम में भाषा नहीं बल्कि हर भाषा में प्रेम ढूंढती है चाहे वह मूक ही क्यों न हो।'

अमरकांत ने गुजराती सीखने का निश्चय किया। अमरकांत गुजराती सीखकर गुजराती और बिहारी के भेदभाव को मिटाना चाहता था।

कुछ समय बाद ही अमरकांत के भाई का बिहार से टेलीफोन आया। अमरकांत ने सबकुछ कुशल मंगल की सूचना दी। अमरकांत की माँ बिहार में बहुत डरी हुई थी। अमरकांत को मालूम न था कि बात घर तक पहुँच गई मगर आज के डिजिटल इंडिया में मंत्री को सुई भी चुभ जाए मतलब बुखार भी आ जाए तो वह भी मोबाइल पर आ जाता है तो फिर यह तो आग थी जो पूरे गुजरात में लगी हुई थी। उसको क्यों ना बताते?

अमरकांत का अक्टूबर विचारों से भरा रहा। नवंबर में साहब ने दिवाली पर घर जाने से रोक लिया कारण पूछा तो कंपनी का बहुत सारा काम बताया। अमरकांत ने दिसंबर में घर जाने का निश्चय किया।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

लोगों की राय

No reviews for this book