|
उपन्यास >> श्रीकान्त श्रीकान्तशरत चन्द्र चट्टोपाध्याय
|
337 पाठक हैं |
||||||||
शरतचन्द्र का आत्मकथात्मक उपन्यास
इस अभया में मैं दो बातें अन्त तक लक्ष्य कर रहा था। ऐसी अवस्था में ऐसे स्त्री-पुरुषों में जिनमें परस्पर कोई रिश्ता नहीं होता है, घनिष्ठता स्वत: ही बड़ी तेजी से बढ़ने लगती है। किन्तु इसका उसने कभी मौका ही नहीं दिया। उसके व्यवहार में ऐसा कुछ था जो प्रत्येक क्षण याद दिला दिया करता था कि हम लोग केवल यात्री हैं जो एक जगह ठहर गये हैं- किसी के साथ किसी का सचमुच का कोई सम्बन्ध नहीं है; दो दिन बाद शायद जीवन-भर फिर कहीं किसी की किसी से मुलाकात ही न हो। दूसरी बात यह थी कि ऐसा आनन्दयुक्त परिश्रम भी मैंने कहीं नहीं देखा। दिन-भर वह हम लोगों की सेवा में लगी रहती और काम खुद ही करना चाहती। सहायता करने की कोशिश करते ही वह हँसकर कहती, “यह तो सब मेरा खुद का कार्य है। नहीं तो, रोहिणी भइया को ही क्या जरूरत थी कि वे इतना कष्ट उठाते, और आपको ही क्या पड़ी थी इस जेलखाने में आने की? मेरे लिए ही तो आप लोगों को इतनी सब तकलीफें उठानी पड़ती हैं।”
अक्सर ऐसा होता कि खाने-पीने के बाद थोड़ी-सी गपशप चल रही होती और ऑफिस की घड़ी में दो बज जाते। बस, वह एकदम खड़ी हो जाती और कहने लगती, “जाती हूँ आप लोगों के लिए चाय तैयार कर लाऊँ- दो बज गये।” मन ही मन मैं कहता, “तुम्हारा पति चाहे कितना ही पापी क्यों न हो, मनुष्य तो जरूर होगा। यदि कभी उसे पा लोगी, तो वह तुम्हारा मूल्य अवश्य समझेगा।
इसके बाद एक दिन मियाद खत्म हुई। रोहिणी भी अच्छा हो गया। हम लोग भी सरकारी 'छोड़-पत्र' पाकर गट्ठर-गठरियाँ बाँध रंगून को चल पड़े। निश्चय किया था कि शहर के मुसाफिरखाने में दो-एक दिन के लिए ठहर कर, और इन लोगों के लिए ठहरने का कोई स्थान ठीक करके, मैं अपने स्थान पर चला जाऊँगा; और फिर जहाँ-कहीं भी रहूँगा वहाँ से उसके पति का पता मालूम करके उसे समाचार भेजने की भरसक कोशिश करूँगा।
|
|||||

i 









