उपन्यास >> ग़बन (उपन्यास) ग़बन (उपन्यास)प्रेमचन्द
|
438 पाठक हैं |
ग़बन का मूल विषय है महिलाओं का पति के जीवन पर प्रभाव
मणिभूषण ने वज्र-सा मारा–आपका इस घर पर और चाचाजी की सम्पत्ति पर कोई अधिकार नहीं है। वह मेरी सम्पत्ति है। आप मुझसे केवल गुजारे का सवाल कर सकती हैं।
रतन ने विस्मित होकर पूछा–तुम कुछ भंग तो नहीं खा गये हो?
मणिभूषण ने कठोर स्वर में कहा–मैं इतनी भंग नहीं खाता कि बेसिर-पैर की बातें करने लगूँ। आप तो पढ़ी-लिखीं हैं, एक बड़े वकील की धर्मपत्नी थीं। कानून की बहुत सी बातें जानती होंगी। सम्मिलित परिवार में विधवा का अपने पुरुष की सम्पत्ति पर कोई अधिकार नहीं होता। चाचाजी और मेरे पिताजी में कभी अलगौझा नहीं हुआ। चाचाजी यहाँ थे, हम लोग इन्दौर में थे; पर इससे यह नहीं सिद्ध होता कि हममें अलगौझा था। अगर चाचाजी अपनी सम्पत्ति आपको देना चाहते, तो कोई वसीयत अवश्य लिख जाते और यद्यपि वह वसीयत कानून के अनुसार कोई चीज न होती; पर हम उसका सम्मान करते। उनका कोई वसीयत न करना साबित कर रहा है कि वह कानून के साधारण व्यवहार में कोई बाधा न डालना चाहते थे। आज आपको बँगला खाली करना होगा। मोटर और अन्य वस्तुएँ भी नीलाम कर दी जायेंगी। आपकी इच्छा हो, मेरे साथ चलें या यहाँ रहें। यहाँ रहने के लिए आपको दस-ग्यारह रुपये का मकान काफी होगा। गुज़ारे के लिए पचास रुपये महीने का प्रबन्ध मैंने कर दिया है। लेना-देना चुका लेने के बाद इससे ज्यादा की गुंजाइश ही नहीं है।
रतन ने कोई जवाब न दिया। कुछ देर तक वह हतबुद्धि-सी बैठी रही, फिर मोटर मँगवायी और सारे दिन वकीलों के पास दौड़ती फिरी। पण्डितजी के कितने ही वकील मित्र थे। सभी ने उसका वृत्तान्त सुनकर खेद प्रकट किया और वकील साहब के वसीयत न लिख जाने पर हैरत करते रहे। अब उसके लिए एक ही उपाय था। वह यह सिद्ध करने की चेष्ट करे कि वकील साहब और उनके भाई में अलहदगी हो गयी थी। अगर यह सिद्ध हो गया और यह सिद्ध हो जाना बिलकुल आसान था, तो रतन उस सम्पत्ति की स्वामिनी हो जायेगी। अगर वह यह सिद्ध न कर सकी, तो उसके लिए कोई चारा न था।
अभागिनी रतन लौट आयी। उसने निश्चय किया, जो कुछ मेरा नहीं है, उसे लेने के लिए मैं झूठ का आश्रय न लूँगी। किसी तरह नहीं। मगर ऐसा कानून बनाया किसने? क्या स्त्री इतनी नीच, इतनी तुच्छ, इतनी नगण्य है? क्यों?
दिन भर रतन चिन्ता में डूबी, मौन बैठी रही।
|